उत्तराखंड और हिमाचल की सीमा पर मंगलवार को हरिपुर कोटी-मीनस मोटर मार्ग के पास क्वानू गांव के समीप सुखोई गदेरे में हुए बस हादसे के बाद एक अजीब और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लगभग 12 लोग घायल हुए। सीएम धामी ने अस्पताल पहुंच घायलों का हाल चाल जाना।
दरअसल घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हादसे के तुरंत बाद घायलों को बचाया और इसी दौरान एक नोटों से भरा बैग मिला। बैग में लगभग 3 लाख 20 हजार रुपए बताए जा रहे थे। इस बैग को लेकर मौके पर लोग झगड़ने लगे और इसे अपने रिश्तेदार का बताने की कोशिश करने लगे। तब मौके पर पहुंची पुलिस ने बैग अपने कब्जे में ले लिया।
कालसी पुलिस थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि बैग के मालिक की पहचान हादसे में घायल एक व्यक्ति के रूप में हुई। घायल यात्री अब्दुल कयूम के परिजन पुलिस और नायब तहसीलदार राजेन्द्र लाल की मौजूदगी में बैग लेने आए। बैग में न केवल रकम बल्कि अब्दुल कयूम का पैन कार्ड और फोटो पहचान पत्र भी मिला।
अब्दुल कयूम 36 वर्षीय हैं और हिमाचल प्रदेश के नेरवा में क्रॉकरी की दुकान चलाते हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं। अब्दुल कयूम को हादसे के बाद विकास नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पुलिस ने दुर्घटनास्थल से नोटों से भरा बैग बरामद कर उसका सत्यापन किया और उपयुक्त जांच के बाद इसे सुरक्षित रूप से घायल यात्री के परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के दून अस्पताल में घायल लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल पूछा और डॉक्टरों को सभी घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। हादसे और बैग के मिल जाने की तस्वीर ने सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई।



Subscribe Our Channel











