हल्द्वानी में लंबे समय से जाम और अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे ऊंचापुल चौराहे के चौड़ीकरण का काम आखिरकार शुरू हो गया है। इस कार्रवाई के तहत प्रशासन ने अतिक्रमण की जद में आ रही इमारतों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चिह्नित भवनों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया। चौड़ीकरण योजना के अंतर्गत सड़क की सीमा में आ रही कई दुकानों और इमारतों को हटाया जा रहा है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊंचापुल चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल है, जहां पूरे दिन वाहनों का भारी दबाव बना रहता है। सड़क संकरी होने और अतिक्रमण के कारण यहां अक्सर यातायात बाधित रहता था। प्रशासन की ओर से प्रभावित भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी कर दिया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, चौड़ीकरण कार्य पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और इस महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम हो सकेगा। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शहर के विकास और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए यह कदम जरूरी है।



Subscribe Our Channel










