देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर राज्य में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका 28वां उत्तराखंड दौरा होगा।
इस अवसर पर पीएम मोदी 11,963 करोड़ रुपये की लागत से बने 213 किलोमीटर लंबे दून–दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही वह 1,000 मेगावाट क्षमता वाले देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी उद्घाटन करेंगे।
प्रदेश सरकार इस लोकार्पण समारोह को भव्य और यादगार बनाने में जुटी हुई है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यकाल में अब तक पांच बार केदारनाथ धाम, जबकि बदरीनाथ धाम और मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। पिछले वर्ष मार्च में उन्होंने उत्तरकाशी के मुखबा पहुंचकर शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया था।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर मंगलवार को देहरादून में सुरक्षा और यातायात की फुल रिहर्सल की गई। सहारनपुर रोड पर ट्रैफिक पूरी तरह रोककर फ्लिट का अभ्यास किया गया, जिससे मंडी चौक के आसपास भारी जाम की स्थिति बन गई।
इस दौरान आईएसबीटी से सहारनपुर की ओर जाने वाले सभी मार्गों को अस्थायी रूप से बंद रखा गया, जबकि फ्लाईओवर पर भी आवाजाही रोक दी गई। सुरक्षा व्यवस्था के तहत दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह रिहर्सल सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत की गई थी, ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी प्रकार की चूक न हो। रिहर्सल के लिए एक दिन पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर पूरे रूट को सुरक्षित किया गया था।



Subscribe Our Channel











