6 से 9 फरवरी का अलर्ट! ठंड, कोहरा और बर्फबारी से सतर्क रहें

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 9 फरवरी तक प्रदेश में अलर्ट जारी किया है। देहरादून, नैनीताल समेत छह जिलों में कोहरे की चेतावनी है, जबकि पहाड़ी जिलों में ठंड के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इसके बाद तीन दिन बारिश और बर्फबारी का भी अनुमान जताया गया है।

IMD ने राज्य के छह जिलों में घने से मध्यम कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सुबह के समय दृश्यता (विजिबिलिटी) 50 से 200 मीटर तक गिर सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की संभावना है।

कोहरे की चपेट में देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल के मैदानी क्षेत्र, चंपावत के निचले इलाके और पौड़ी के निचले क्षेत्र रहेंगे। इन इलाकों में सुबह और रात के समय कोहरा अधिक प्रभावी रहेगा।

उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। फिलहाल इन क्षेत्रों में भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना नहीं है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले 24–48 घंटों में मौसम बदल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार 6 से 9 फरवरी के बीच पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों में बादल छाने और ठंड बढ़ने का अनुमान है। इस दौरान पहाड़ों में तापमान में गिरावट और फिसलन बढ़ सकती है। मैदानी जिलों में सुबह और रात के समय कोहरे का असर बना रहेगा, इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।