कॉलेज वर्चस्व की लड़ाई बनी जानलेवा, छात्र की मौत

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में छात्रों के दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने तीन छात्रों को हिरासत में लिया है।

एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार, सोमवार रात सूचना मिली थी कि कुछ युवकों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल छात्र को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर दून अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान दिव्यांशु जाटराना (22) के रूप में हुई है, जो मुजफ्फरनगर के भोपा क्षेत्र का निवासी था। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों पक्ष के युवक प्रेमनगर स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते थे और उनके बीच पहले से ही आपसी रंजिश थी। इसी पुरानी दुश्मनी के चलते सोमवार रात दोनों गुटों में विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गया।

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।