नैनीताल में बड़ा हादसाः जागेश्वर जा रहे युवकों की कार खाई में गिरी, दो की मौत

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। ज्योलीकोट-भवाली मार्ग पर खूपी के पास उन्नाव से जागेश्वर धाम जा रही पर्यटकों की कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में गिर गई।

बताया जा रहा है कि वाहन में चार युवक सवार थे, जो घूमने के लिए जागेश्वर जा रहे थे। सुबह करीब साढ़े आठ बजे गेठिया क्षेत्र के पास हादसा हुआ। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही तल्लीताल थाना पुलिस, एसआई सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। इसके बाद दमकल और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला गया।

हादसे में उन्नाव के पीताम्बर नगर निवासी अंकित चौधरी और अभिराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अतुल दुबे और श्याम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी भेजा गया है।