धामी सरकार का बड़ा फैसला: 63 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग के तहत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने करीब 62 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नए भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और पिछले चार वर्षों में लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं। उन्होंने नवनियुक्त सफाई निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उनके जीवन की नई जिम्मेदारी की शुरुआत है और उन्हें पूरी निष्ठा व ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड में केवल 63 स्थानीय निकाय थे, जबकि अब 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत सहित कुल 108 स्थानीय निकाय कार्यरत हैं। प्रदेश के शहर विकास और आर्थिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र बन चुके हैं, इसलिए इन्हें स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय शहरों के विकास की मजबूत आधारशिला हैं और सफाई निरीक्षकों की इसमें अहम भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में शहरी निकायों में 63 अधिशासी अधिकारियों, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षकों और 32 अवर अभियंताओं को भी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। चारधाम यात्रा और आगामी कुंभ मेले जैसे बड़े आयोजनों के दौरान शहरों और तीर्थस्थलों की स्वच्छता बनाए रखना बेहद जरूरी होता है। राज्य सरकार स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और अन्य योजनाओं के माध्यम से शहरी सुविधाओं को लगातार बेहतर बना रही है।

कार्यक्रम में विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।