उत्तराखंड पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को और तेज कर दिया है। नैनीताल जिले में चल रहे एनडीपीएस (Narcotic Drugs and Psychotropic Substances Act) अभियानों के तहत अब नशा तस्करों की अवैध संपत्ति पर भी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में हल्द्वानी में एक प्रकरण में वाहन जब्त किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर हल्द्वानी में पंजीकृत मु.अ.सं. 359/2025, धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत अभियुक्त नारायण दत्त परगाई पुत्र स्व0 हरिकिशन परगाई, निवासी ग्राम कुकना, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल के विरुद्ध कार्रवाई की गई। मामले की विवेचना उप निरीक्षक भुवन सिंह राणा द्वारा संपादित की गई और आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित कर दिया गया है।
विवेचना के दौरान अभियुक्त के पुत्र सुरेश परगाई के नाम से कुछ वाहन अवैध संपत्ति के रूप में सामने आए। इसमें कैब और दो बाइकें शामिल हैं। अभियुक्त द्वारा इन वाहनों को वैध आय से खरीदे जाने के संबंध में कोई संतोषजनक साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किया गया। इस पर सक्षम प्राधिकारी (Competent Authority, SAFEMA/NDPS Act, नई दिल्ली) को फ्रीजिंग ऑर्डर भेजा गया।
सक्षम प्राधिकारी ने दिनांक 24-03-2026 को आदेश पारित करते हुए Ertiga Car (UK04TB-5931) को NDPS Act 1985 की धारा 68-B(g) के अंतर्गत अवैध संपत्ति घोषित किया और धारा 68-F(1) के तहत जब्त करने का निर्देश दिया।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि जनपद नैनीताल पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ निरंतर अभियान चला रही है और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल अपराधियों के हौसले तोड़ने के लिए है, बल्कि आम जनता को सुरक्षित रखने के लिए भी महत्वपूर्ण है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि उत्तराखंड पुलिस अब नशा तस्करी के मामलों में न सिर्फ अभियुक्तों के खिलाफ बल्कि उनकी अवैध संपत्ति पर भी सख्त निगरानी रख रही है।



Subscribe Our Channel











