उत्तराखंड में खाई में फंसी कार, एक युवक की मौत- दो घायल

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। थाना राजपुर क्षेत्र के शिखरफाल के पास एक थार वाहन गहरी खाई में गिर गया। सूचना मिलते ही थाना राजपुर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने वाहन में सवार युवक और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं। हालांकि, एक युवक वाहन के नीचे फंस जाने से मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक युवक का शव निकालने के लिए देहरादून से क्रेन मंगाई गई और काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात आपदा कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि शिखरफाल के पास एक थार वाहन खाई में गिर गई है। तत्काल एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने खाई में फंसे 24 वर्षीय भार्गव शर्मा (पंडितवाड़ी, देहरादून) और 24 वर्षीय दिशा रावल (प्रेम नगर, देहरादून) को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को हल्की चोटें आईं और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

रेस्क्यू के दौरान पता चला कि वाहन में एक और युवक सवार था। टीम ने सर्च के दौरान पाया कि पिथौरागढ़ निवासी मोहित वाहन और चट्टान के बीच फंस गया था। वाहन खाई में अस्थिर स्थिति में लटका हुआ था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्रेन मंगाई और एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू कार्य जारी रखा। मोहित को वाहन के नीचे से निकालने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

थाना राजपुर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान युवक और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला गया, लेकिन मोहित की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।