नैनीताल। भवाली क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के गर्भवती पाए जाने के मामले में पुलिस ने साहिल नामक युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
मामले के सामने आने के बाद गुरुवार दोपहर कुछ हिंदूवादी संगठनों ने भवाली कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया। संगठनों का आरोप है कि मुरादाबाद निवासी युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर लंबे समय से उसके साथ गलत काम कर रहा था। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और नगर में जुलूस निकालते हुए व्यापारियों से बाजार बंद रखने की अपील की, जिसके चलते कुछ समय के लिए बाजार बंद रहे।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद किशोरी के परिजनों से संपर्क कर उनकी शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से टैक्सी चालक है, जबकि उसके पिता दर्जी का काम करते हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी अन्य लड़कियों को भी बहलाने-फुसलाने की कोशिश करता रहा है।
पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वर्तमान में भवाली में स्थिति पूरी तरह सामान्य है, हालांकि एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



Subscribe Our Channel










