उत्तराखंड में चारधाम यात्रा अगले माह से शुरू होने जा रही है, और तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में बुधवार को देहरादून में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की बजट बैठक संपन्न हुई।
बैठक में श्री बद्रीनाथ धाम और केदारनाथ धाम में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव समिति के सदस्यों के विचार-विमर्श के बाद पारित किया गया।
साथ ही आगामी यात्रा सत्र 2026-27 के लिए 121 करोड़ 7 लाख रुपये से अधिक का बजट स्वीकृत किया गया। बजट में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सरल और सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने, यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने, ऋषिकेश ट्रांजिट कैंप में समिति का शिविर कार्यालय खोलने और मंदिर परिसरों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने जैसे महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं।
बीकेटीसी के सदस्यों ने इस बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की और आवश्यक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए। समिति का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा को व्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है, ताकि देश और विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण और ऋषि प्रसाद सती, सदस्य धीरज मोनू पंचभैया, महेंद्र शर्मा, प्रह्लाद पुष्पवान, देवी प्रसाद देवली, राजेंद्र प्रसाद डिमरी, डा. विनीत पोस्ती, नीलम पुरी, दिनेश डोभाल, राजपाल जड़धारी और राजकुमार तिवारी उपस्थित रहे।



Subscribe Our Channel











