सीएम धामी बोले- बजरंगबली की कृपा से मिला दर्शन का सौभाग्य, उत्तराखंड की आस्था मजबूत

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रामनगर के छोई स्थित श्री हनुमान धाम पहुंचकर विधिवत दर्शन-पूजन किया और भंडारा कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे और पूरा धाम भक्ति, आस्था और उत्साह से सराबोर रहा।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हनुमान जन्मोत्सव जैसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा के बिना कोई भी उनके दरबार तक नहीं पहुंच सकता, और इस बार अचानक कार्यक्रम तय होना उनके लिए विशेष आनंद और आशीर्वाद का अवसर बना।

धामी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि कई बार उन्होंने हनुमान धाम आने का प्रयास किया, लेकिन कार्यक्रम नहीं बन पाया। इस बार बजरंगबली की कृपा से दर्शन का अवसर मिला और उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए ऐतिहासिक कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, और केदारनाथ-बद्रीनाथ धामों में व्यापक विकास कार्य से उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान और मजबूत हुई है।

धामी ने जोर देकर कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता यहां की आस्था और सांस्कृतिक विरासत की सुरक्षा है। इसी उद्देश्य से राज्य में सख्त कानून लागू किए जा रहे हैं और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जारी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है, जो पूरे देश के लिए उदाहरण है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प लिया गया है, और सभी के सहयोग एवं आशीर्वाद से यह सपना अवश्य पूरा होगा। उन्होंने राज्य के प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आधारभूत संरचना विकास के कार्यों का भी उल्लेख किया, जिससे तीर्थयात्रियों की संख्या हर साल लगातार बढ़ रही है।

धामी ने जानकारी दी कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेला की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। शीतकालीन यात्रा भी लगातार जारी है, और अब तक लगभग एक लाख साठ हजार श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों पर दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि शीतकाल में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं, जो राज्य में धार्मिक पर्यटन के बढ़ते प्रभाव को दर्शाता है।

अंत में मुख्यमंत्री ने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “बजरंगबली की कृपा हम सभी पर बनी रहे और उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे।”

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक रामनगर दीवान सिंह बिष्ट, महापौर हल्द्वानी गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्री हनुमान धाम ट्रस्ट के सदस्य उपस्थित रहे।