स्वच्छता अभियान में सीएम धामी की एंट्री, लोगों से की बड़ी अपील

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को देहरादून स्थित बल्लूपुर चौक पर आयोजित स्वच्छता अभियान में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वयं श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया और आमजन से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, इसके लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा, तभी स्थायी और सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

उन्होंने आगे कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी स्वयं निभानी चाहिए। जब तक लोग स्वेच्छा से इस दिशा में योगदान नहीं देंगे, तब तक स्वच्छ और स्वस्थ समाज का निर्माण संभव नहीं है।

मुख्यमंत्री ने नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के स्वच्छता अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि लोगों में स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूकता बनी रहे और स्वच्छ भारत के लक्ष्य को और मजबूती मिले।