उत्तराखंड: जंगल में बोरे में मिली महिला की सड़ी-गली लाश

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। राजधानी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में बुधवार को माण्डुवाला रोड पर बाला सुंदरी मंदिर के पास जंगल में एक बोरे में महिला का सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और महिला की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

बदबू आने पर हुआ मामले का खुलासा

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार दोपहर माण्डुवाला रोड स्थित जंगल क्षेत्र में एक बोरे से तेज बदबू आ रही थी। संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रेमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खोला तो उसमें महिला का सड़ा-गला शव मिला। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल भी घटनास्थल पर पहुंचे और निरीक्षण किया।

थाना प्रेमनगर प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि शव की हालत को देखते हुए अंदेशा जताया जा रहा है कि महिला की हत्या लगभग तीन से चार दिन पहले की गई होगी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरे में बंद कर जंगल में फेंक दिया। मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।

उन्होंने बताया कि शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है और मृतका की पहचान के साथ आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।