नैनीताल जिले के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल शनिवार को पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। उन्होंने हल्द्वानी स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में अचानक छापेमारी कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। डीएम के औचक निरीक्षण से कार्यालय में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरटीओ कार्यालय के सभी अनुभागों, पटलों और रिकॉर्ड की गहन जांच की। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में नेम प्लेट और पहचान पत्र पहनना अनिवार्य किया जाए तथा किसी भी कार्य को लंबित न रखा जाए।
डीएम ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि लाइसेंस या वाहन पंजीकरण के नाम पर यदि कोई बाहरी व्यक्ति कार्यालय में हस्तक्षेप करता पाया जाता है तो उसे तत्काल परिसर से बाहर किया जाए और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग सिस्टम को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए, ताकि विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। इस मौके पर आरटीओ हल्द्वानी गुरदेव सिंह सहित परिवहन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



Subscribe Our Channel










