बाइक लूट का ड्रामा! बदमाशों ने पुलिस पर झोंका फायर, एक गिरफ्तार

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से बड़ी वारदात की खबर सामने आई है। सितारगंज कोतवाली क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों और पुलिस के बीच फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पकड़ा गया, जबकि तीन अन्य फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार, बीते मंगलवार शाम लामाखेड़ा निवासी अरुण सिंह राणा बाइक से पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। तभी भरौनी मार्ग पर गुरमीत सिंह और उसके साथी ने तलवार दिखाकर उन्हें रोका और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि बदमाशों ने उनकी बाइक भी लूट ली।

अरुण सिंह राणा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसआई ललित चौधरी और एएसआई राकेश रौंकली की टीम मौके पर पहुंची। आरोपियों के घर पहुँचते ही उन्होंने पुलिस पर तलवार और तमंचे से हमला किया। गुरमीत सिंह ने पुलिस पर फायर भी किया, लेकिन कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किया।

चारों आरोपी खेतों की ओर भाग गए, लेकिन पुलिस ने पिता मोहन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। लूट की गई बाइक भी बरामद कर ली गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएस धौनी के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गुरमीत सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है और वह वन तस्करी के चार मुकदमों में शामिल है। पूछताछ में मोहन सिंह ने बताया कि बाइक लूटकांड में गुरमीत सिंह, मक्खन सिंह और उनका साथी इंद्रजीत उर्फ दिलबाग उर्फ बग्गू शामिल थे।