हल्द्वानी: बरेली रोड क्षेत्र में बीती रात हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी नैनीताल पुलिस ने सुलझा दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आर्थिक तंगी और छोटे भाई की बीमारी से तनाव में आरोपी ने शराब के नशे में विवाद के दौरान लौटे से वार कर अपने ही भाई सोनू जायसवाल की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, तीन फरवरी की रात करीब 11 बजे संदीप अपने परिजनों के घर पहुंचा और छोटे भाई से बहस करने लगा। बीच-बचाव की कोशिश करने पर उसने परिवार को धमकाया और हमला जारी रखा। गंभीर चोटों के बाद सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर वादी अंकित जायसवाल की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने फोरेंसिक जांच की और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।
पुलिस ने संदीप जायसवाल, पुत्र स्व. लल्लन प्रसाद, निवासी राम मंदिर बगीचा, हल्द्वानी को एक 32 बोर रिवॉल्वर और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। हत्या में प्रयुक्त लोटा भी बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था। छोटे भाई की लंबी बीमारी और इलाज की आर्थिक परेशानी से वह तनाव में था। इसी तनाव और शराब के प्रभाव में उसने गुस्से में आकर मारपीट की, जिससे उसकी भाई की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।



Subscribe Our Channel











