देहरादून: विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को फर्जी दस्तावेज, अपॉइंटमेंट और कॉन्ट्रैक्ट लेटर ई-मेल के जरिए भेजकर विदेश भेजने का झांसा देता था।
मामले में 29 जुलाई 2025 को सेना में कार्यरत सूबेदार नरजंग कुमार निवासी जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश ने थाना नेहरू कॉलोनी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, सेना में सूबेदार संदीप थापा निवासी नेहरू कॉलोनी ने उन्हें बताया कि उनका रिश्तेदार उपेन्द्र सिंह थापा, जो खुद को मर्चेंट नेवी का कैप्टन बताता है, फिनलैंड में नौकरी लगवा सकता है। इसके बदले 10 लाख रुपये की मांग की गई।
संदीप थापा के जरिए पीड़ित की मुलाकात उपेन्द्र सिंह थापा निवासी मोहकमपुर, देहरादून से कराई गई। आरोपियों ने पीड़ित समेत उसके साथियों असीम थापा, अश्वनी कुमार और विकास थापा से नौकरी लगवाने के नाम पर 5-5 लाख रुपये एडवांस और शेष राशि बाद में देने को कहा। आरोपियों की बातों पर विश्वास कर सभी ने अलग-अलग तिथियों में लाखों रुपये खातों में और नकद दिए।
आरोपियों ने 30 से 45 दिन में वर्क परमिट मिलने और इंग्लिश लैंग्वेज ट्रेनिंग के नाम पर अतिरिक्त शुल्क की भी मांग की। 28 जून 2024 को सभी को देहरादून बुलाकर फिनलैंड का फर्जी कॉन्ट्रैक्ट लेटर सौंपा गया। फरवरी 2025 में वीएफएस और एम्बेसी के मेल के जरिए पीड़ितों को जानकारी मिली कि उनका वीजा रिजेक्ट हो चुका है। ब्लू डार्ट कूरियर से पासपोर्ट और रिफ्यूजल लेटर मिले, जिनमें दस्तावेज फर्जी पाए गए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फिनलैंड के फर्जी कॉन्ट्रैक्ट लेटर और एम्बेसी से जुड़े नकली दस्तावेज तैयार कर पीड़ितों को दिए थे। पीड़ित की तहरीर पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
चौकी प्रभारी जोगीवाला उपनिरीक्षक विजय राही ने बताया कि पुलिस ने आरोपी उपेन्द्र सिंह को ट्रांसपोर्ट नगर स्थित संधू सेंटर के सामने से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पीड़ितों समेत कई लोगों से धोखाधड़ी कर कुल करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।



Subscribe Our Channel











