उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास, मुख्य सेवक सदन में आयोजित उत्तराखंड साहित्य गौरव सम्मान समारोह में प्रदेश के प्रमुख साहित्यकारों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें प्रदेश के सर्वोच्च साहित्यिक सम्मान साहित्य भूषण सम्मान से डॉ. जितेन ठाकुर को सम्मानित किया गया।
साथ ही, मुख्यमंत्री ने डॉ. बुद्धिनाथ मिश्र, श्याम सिंह कुटौला, डॉ. प्रीतम सिंह, केसर सिंह राय और अताए साबिर अफजल मंगलौरी को उत्तराखंड दीर्घकालीन उत्कृष्ट साहित्य सृजन पुरस्कार से नवाजा।
समारोह में अन्य विधाओं में उत्कृष्ट योगदान के लिए भी साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। साहित्य नारी वंदन सम्मान से प्रो. दिवा भट्ट, उत्कृष्ट बाल साहित्य पुरस्कार से प्रो. दिनेश चमोला, और उत्तराखंड मौलिक रचना पुरस्कार से डॉ. भूपेंद्र बिष्ट, डॉ. सुधा जुगरान, शीशपाल गुसाई को सम्मान मिला। इसके अलावा, कुमाऊंनी एवं गढ़वाली साहित्य में तारा पाठक, हेमंत सिंह बिष्ट और गजेंद्र नौटियाल को विशेष सम्मान दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि वे प्रदेश के महान साहित्यकारों को सम्मानित कर रहे हैं। उन्होंने डॉ. जितेन ठाकुर को हिंदी साहित्य के लिए प्रेरणा स्रोत बताया और सभी सम्मानित साहित्यकारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनकी रचनात्मकता उत्तराखंड की सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को समृद्ध करने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



Subscribe Our Channel










