गैस माफिया का भंडाफोड़, 146 सिलेंडर और रिफिलिंग किट जब्त

8
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की तीर्थनगरी ऋषिकेश में पूर्ति विभाग की टीम ने गैस की कालाबाजारी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में घरेलू और व्यावसायिक गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। शिकायत मिलने के बाद की गई इस कार्रवाई में टीम ने मौके से कुल 146 गैस सिलेंडर जब्त किए, जिससे विभागीय अधिकारियों के भी होश उड़ गए।

श्यामपुर क्षेत्र के लक्कड़घाट, गली नंबर तीन में पूर्ति विभाग की टीम ने एक निर्माणाधीन भवन पर छापा मारकर गैस की अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी का बड़ा खुलासा किया। छापेमारी के दौरान टीम को 71 व्यावसायिक और 12 घरेलू गैस सिलेंडर भवन के अंदर मिले, जबकि पास खड़े दो लोडर वाहनों से 63 व्यावसायिक सिलेंडर बरामद किए गए।

इसके अलावा मौके से पांच बिजली से चलने वाली रिफिलिंग किट, 15 रिफिलिंग बांसुरी और एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया। टीम को देखते ही मौके पर मौजूद युवक फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार गैस की कालाबाजारी की शिकायत सीएम पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई थी। इसके बाद पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली और शिवमोहन भट्ट ने टीम के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को सुरक्षित रूप से त्रिवेणी गैस एजेंसी, ऋषिकेश के गोदाम में रखवाया गया है, जबकि दोनों लोडर वाहनों को क्रेन के माध्यम से आईडीपीएल पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया।

कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक सुनील देवली की तहरीर पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार यह अवैध गैस रिफिलिंग केंद्र किसी भी समय बड़ा हादसा बन सकता था।