न्यूज जंक्शन 24, बरेली
भोजीपुरा में एक लड़की शादी की जिद को लेकर अपने कथित प्रेमी के घर के बाहर दरवाजे पर बैठ गयी। डायल 112 व भोजीपुरा थाने की पुलिस ने लड़की को समझाने का प्रयास किया लेकिन लड़की नहीं मानी। इसके बाद लड़के पर उसने रेप का मुकदमा दर्ज करा दिया।
मामला भोजीपुरा के भैरपुरा खजुरिया गांव का है। यहां के महमूद अली का पुत्र सनव्वर गुड़गांव (हरियाणा) में कबाड़े का काम करता है। लड़के के पिता महमूद ने बताया कि लड़की उसके भाई के पुत्र जीशान की साली है। लड़की से कभी भी शादी की बात भी नहीं चली थी पर लड़की उनके लड़के से शादी करना चाहती थी। लड़की उनके लड़के से एकतरफा प्यार करती थी। लड़की ने अपने परिजनों की मदद से पुलिस के आला अफसरों, मुख्यमंत्री, महिला आयोग मे शिकायत की थी। जिसकी जांच सीओ नबावगंज ने की थी। जांच मे भी लड़की का एकतरफा प्यार सामने आया था। इसी बीच बंटवारे को लेकर उनका जीशान से विवाद हो गया। आरोप है कि उन्हें एक साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। महमूद ने बताया कि इस घटना से पूरा घर परेशान है। उनके लड़के सनव्वर की सोमवार नौ नबंबर की शादी है। लड़का अभी छह माह से हरियाणा में ही है। जिला पंचायत सदस्य अहमदजान ने बताया कि पुलिस जांच मे मामला झूठा पाया गया फिर महमूद के साथ साजिश की जा रही है। उधर लड़की का कहना है कि वह सनब्बर से ही शादी करेगी चाहे अंजाम कुछ भी हो। हम दोनों एक दूसरे से प्यार करते थे। इस प्रकरण की जांच क्षेत्राधिकारी नबावगंज द्वारा सितंबर मे की जा चुकी है जिसमें लड़की के आरोप झूठे पाये थे।
भोजीपुरा थाना प्रभारी मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि सूचना पर डायल 112 व थाने से भी मैने हल्का इंचार्ज को भेजा था। लड़की को समझाने का प्रयास किया लेकिन वह नही मानी।
बुधवार को लड़की ने लड़के द्वारा दुष्कर्म करने की तहरीर दी। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया।







