उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के नैनीताल जिले में मंगलवार को विभिन्न स्थानों पर आपदा से जुड़ी घटनाओं को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें राहत और बचाव एजेंसियों की तत्परता का परीक्षण किया गया।
हल्द्वानी के कल्सिया नाले में अचानक आई बाढ़ की स्थिति को दर्शाया गया, जहां स्थानीय लोगों को तुरंत अलर्ट जारी कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई। वहीं ओखलकांडा ब्लॉक में बस के खाई में गिरने की घटना का परिदृश्य बनाया गया, जिसमें राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
नैनीताल के मल्लीताल स्थित चार्टन लॉज क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना पर टीमों को तुरंत ग्राउंड जीरो के लिए रवाना किया गया। इसी क्षेत्र के बोट हाउस क्लब में नाव पलटने की घटना का भी अभ्यास किया गया, जहां बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया।
कालाढूंगी के वन क्षेत्र में रेंजर ऑफिस के पास बाघ के हमले की स्थिति को भी मॉक ड्रिल में शामिल किया गया, जिसमें पुलिस, वन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं।
इसके अलावा, कैंची धाम मंदिर परिसर में भगदड़ की स्थिति और ओसाड़ बैण्ड, ओखलकांडा तथा करायल के बीच बस दुर्घटना जैसे परिदृश्यों पर भी अभ्यास किया गया।
इन सभी घटनाओं के माध्यम से आपदा प्रबंधन से जुड़ी टीमों ने अपनी तैयारी, समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का प्रदर्शन किया।



Subscribe Our Channel











