गुलदार का कहर, बच्चे को उठाने की घटना के बाद आठ स्कूलों में छुट्टी

107
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में रुद्रप्रयाग तहसील के सिंद्रवाणी क्षेत्र में गुलदार द्वारा एक बच्चे को उठाए जाने की दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चार और पांच फरवरी को क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

अवकाश घोषित किए गए विद्यालयों में राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका तथा जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं। इसके साथ ही इन विद्यालयों के आसपास संचालित सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिनों का अवकाश रहेगा।

मंगलवार को न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिंद्रवाणी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब पांच वर्षीय बच्चे को गुलदार उसकी मां के हाथ से खींचकर ले गया। घटना के बाद से गांव और आसपास के क्षेत्रों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। बच्चे की तलाश लगातार जारी है।

घटना के बाद ग्रामीण स्वयं सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं और प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए हुए हैं। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इस पर जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है। फिलहाल प्रशासन और ग्रामीणों की ओर से बच्चे की तलाश के प्रयास जारी हैं, जबकि पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।