हल्द्वानी में खौफनाक हादसाः डंपर की टक्कर से युवक की मौत

10
खबर शेयर करें -

हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित देवलचौड़ चौराहे पर मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

मृतक की पहचान नैनीताल जिले के बेतालघाट विकासखंड के हरतपा गांव निवासी अनिल रौतेला के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी में किराए पर रहकर एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात वह किसी काम से देवलचौड़ क्षेत्र गया हुआ था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हल्द्वानी की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने अनिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने काफी प्रयास किए, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।

परिजनों के अनुसार, रात करीब 9 बजे अनिल टीपी नगर चौकी के पास एक फास्ट फूड सेंटर पर मोमो खाने गया था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर (यूए 04 डी 4346) ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसके पेट और पैर में गंभीर चोटें आईं।

अनिल चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और काफी मेहनती व होनहार युवक माना जाता था। उसके माता-पिता गांव में खेती-किसानी करते हैं। बेटे की अचानक मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी के अनुसार, हादसे के बाद डंपर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और वाहन को सीज कर दिया गया है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है और परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।