उत्तराखंड के स्कूलों में अनियमितताएं उजागर, तीन शिक्षक सस्पेंड

7
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने तीन प्राथमिक विद्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान वित्तीय और प्रशासनिक अनियमितताएं पाए जाने पर दो प्रधानाध्यापकों और एक सहायक अध्यापिका को निलंबित कर दिया है।

डीईओ के अनुसार 13 फरवरी को विकासखंड बाजपुर स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय बैतखेड़ी के निरीक्षण में आवागमन की दो अलग-अलग पंजिकाएं मिलीं। विद्यालय में अन्य प्रशासनिक कमियां भी सामने आईं। इस संबंध में मोहम्मद यूसुफ सहित संबंधित सहायक अध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।

इसके अलावा 8 सितंबर 2025 को राजकीय प्राथमिक विद्यालय मडैयाहट्ट, केलाखेड़ा के निरीक्षण में पाया गया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक अंगन लाल बिना प्रभार हस्तांतरण किए अवकाश पर चले गए थे। पूर्व में जारी नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें निलंबित कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, रुद्रपुर से संबद्ध कर दिया गया।

वहीं खटीमा क्षेत्र के इस्लामनगर स्थित विद्यालय में उप शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान सहायक अध्यापिका कीर्ति राना की नियुक्ति संदिग्ध पाई गई। उन पर कूटरचित प्रमाणपत्र के आधार पर नियुक्ति प्राप्त करने का आरोप है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर उन्हें भी निलंबित कर उप शिक्षा अधिकारी कार्यालय, खटीमा से संबद्ध कर दिया गया।

जिला शिक्षा अधिकारी हरेंद्र कुमार मिश्रा ने कहा कि अनियमितताओं के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों शिक्षकों को निलंबित किया गया है।