उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बकेनिया सकेनिया गांव में जमीन के विवाद ने एक दर्दनाक घटना को जन्म दिया। गांव निवासी 60 वर्षीय सर्वेश्वर सिंह पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र सिंह को उनकी ही घर की जमीन को लेकर चल रहे विवाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई।
सूचना के अनुसार, यह घटना बीती देर रात हुई, जब विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि घटना में उनके भाई सर्वजीत सिंह शामिल थे। गोली लगने से सर्वेश्वर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गदरपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर रुद्रपुर पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की और स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
गदरपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पाठक ने बताया कि पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में यह मामला जमीन के विवाद से जुड़ा पाया गया है। पुलिस परिवार की तहरीर और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की तह तक जाएगी। वहीं, घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से न्याय की जल्द मांग कर रहे हैं।



Subscribe Our Channel










