उत्तराखंड पुलिस में बड़े स्तर पर हुए तबादले

7
खबर शेयर करें -

 उत्तराखंड शासन स्तर से बड़ी खबर सामने आई है। शासन ने  बड़े स्तर पर आईपीएस अधिकारियों के तबादलों की नई सूची जारी की। इस फेरबदल में कुल 15 वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति में IPS तृप्ति भट्ट को अपर सचिव गृह विभाग का पद सौंपा गया है।

पिछले कई दिनों से राज्य में आईपीएस तबादलों को लेकर चर्चाएं चल रही थीं, जिन्हें आज गृह विभाग ने आधिकारिक आदेश जारी कर समाप्त कर दिया। तृप्ति भट्ट इससे पहले फायर सर्विस में पुलिस अधीक्षक के रूप में तैनात थीं और अब उन्हें अपर सचिव गृह विभाग की जिम्मेदारी के साथ-साथ फायर सर्विस में पुलिस अधीक्षक की भूमिका भी निभानी होगी। इससे पहले इस जिम्मेदारी का कार्य IPS निवेदिता कुकरेती संभाल रही थीं।

इसके अलावा कई अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के स्थानांतरण और नई तैनाती भी की गई है। IPS विम्मी सचदेवा से पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी वापस ली गई। नीरू गर्ग को PAC/ATC की जिम्मेदारी से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक फायर सर्विस की जिम्मेदारी दी गई। IPS कृष्ण कुमार वीके को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी से मुक्त कर दिया गया और इस पद की जिम्मेदारी अब IPS अरुण मोहन जोशी को सौंपी गई।

मुख्तार मोहसिन को पुलिस महानिरीक्षक फायर सर्विस से हटाकर जीआरपी की जिम्मेदारी दी गई। करन सिंह नगन्याल को पुलिस महानिरीक्षक कारागार की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई। IPS नीलेश आनंद भरणे को पुलिस महानिदेशक PAC की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली। IPS सुनील कुमार मीना से पुलिस महानिरीक्षक जीआरपी की जिम्मेदारी वापस ली गई।

योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय बनाया गया है, जबकि वे पहले से ही पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। निवेदिता कुकरेती को पुलिस उपमहानिरीक्षक एसडीआरएफ नियुक्त किया गया। अन्य नियुक्तियों में यशवंत सिंह को सेनानायक आईआरबी प्रथम रामनगर, रामचंद्र राजगुरु को पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय, IPS सरिता डोभाल को पुलिस अधीक्षक एटीएस की अतिरिक्त जिम्मेदारी और हरीश वर्मा को सेनानायक 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार भेजा गया है।

इस बड़े फेरबदल से उत्तराखंड पुलिस प्रशासन में नई जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण हुआ है, जिससे राज्य में पुलिस संगठन की कार्यप्रणाली और दक्षता को और मजबूत करने का प्रयास किया गया है।