देहरादून : चुनाव की दहलीज पर खड़े उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी मिशन 2022 को पूरी गंभीरता से ले रही है। इसमें चाहें पार्टी अनुशासन का मुद्दा हो या समस्यात्मक किसी पर भी नजर अंदाज करने के मूड में पार्टी के नेता नहीं है। इसी के चलते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने ऋषिकेश की मेयर अनीता ममगाई को नोटिस जारी कर दिया है। उन पर अनुशासनहीनता का आरोप है। पार्टी ने कहा है कि 7 दिन के अंदर वह संतोषजनक स्पष्टीकरण दें अन्यथा उन पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी। मेयर के साथ ही कई अन्य पदाधिकारियों को भी इस आरोप में नोटिस दिए गए हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने अनुशासनहीनता के आरोप में ऋषिकेश की महापौर अनीता ममगाईं समेत ऋषिकेश के मंडल अध्यक्ष दिनेश सती और पौड़ी के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश रावत को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के अनुसार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने नोटिस जारी किए हैं। नोटिस में सभी को एक सप्ताह के भीतर अपना स्पष्टीकरण लिखित रूप से प्रदेश अध्यक्ष अथवा महामंत्री को देने को कहा गया है।


 Subscribe Our Channel
Subscribe Our Channel










