विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: उपखंड शिक्षा अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून जिले के डोईवाला विकासखंड में तैनात उपखंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अधिकारी को नेपाली फार्म के पास घूस लेते दबोचा गया, जिसके बाद उसे रायवाला कोतवाली ले जाया गया।

जानकारी के अनुसार, धनवीर सिंह बिष्ट ने ऋषिकेश क्षेत्र के एक स्कूल को ग्रेड देने के नाम पर 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता ने इस बारे में विजिलेंस को सूचना दी, जिसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

ट्रैप के दौरान अधिकारी अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने नेपाली फार्म पहुंचे। जैसे ही उन्होंने नोट लिया, विजिलेंस टीम ने उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले में जल्द ही जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।