उत्तराखंड के चमोली जिले में दहेज की मांग को लेकर एक विवाहिता की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सास और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर को सुपुली देवी निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर ने थाना थराली में लिखित तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह, निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल, थाना थराली के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उर्मिला को लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मृतका की माता ने आरोप लगाया कि घटना से कुछ समय पहले उर्मिला ने फोन कर ससुराल में मारपीट किए जाने की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ समय बाद ग्रामवासियों के माध्यम से उर्मिला की मौत की सूचना परिजनों को मिली। परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उर्मिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
तहरीर के आधार पर थाना थराली में मुकदमा अपराध संख्या 24/25 धारा 80(2) बीएनएस सहित अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत पंवार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा द्वारा की जा रही है।
जांच के दौरान साक्ष्य संकलन, घटनास्थल का निरीक्षण और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। विवेचना के क्रम में त्रिलोक सिंह (62 वर्ष) और उनकी पत्नी रामेश्वरी देवी (52 वर्ष), निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपितों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। चमोली पुलिस ने निष्पक्ष और साक्ष्य-आधारित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।



Subscribe Our Channel











