रुद्रपुर-काशीपुर हाईवे पर देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नवोदय विद्यालय के संविदा कर्मचारी संतोष भंडारी की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। उन्हें तुरंत रुद्रपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी संतोष भंडारी रुद्रपुर स्थित नवोदय विद्यालय की मैस में कार्यरत थे। सोमवार रात ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह पैदल अपने आवास की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने हाईवे पार करना शुरू किया, उसी समय तेज गति से आती कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। दुर्घटना में शामिल कार को भी जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है।
सूत्रों के अनुसार मृतक का भाई विनोद कुमार उत्तराखंड पुलिस में तैनात हैं और वर्तमान में किच्छा कोतवाली में सेवाएं दे रहे हैं। इस हादसे से परिजनों और सहयोगियों में गहरा शोक व्याप्त है।



Subscribe Our Channel











