Newsjunction24.com
हल्द्वानी : हल्द्वानी में एक बहुत ही चौकाने वाली घटना सामने आई है। यहां गौलापार क्षेत्र में संचालित नेब संस्थान का संचालक अपने ही संस्थान में पढ़ने वाली दृष्टिहीन छात्रा से छेड़छाड़ करता था। छात्रा इस तरह की हरकतों को एक महीने से सह रही थी। जब नहीं रहा गया तो उसने डाक से एक पत्र पुलिस कप्तान को भिजवाया। जिसके बाद जांच हुई। जांच में आरोप सत्य पाए गए। पुलिस ने आरोपी संचालक को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया।
हल्द्वानी के दमुवाढूंगा बंदोबस्ती निवासी श्याम धानिक गौलापार के नवाड़खेड़ा स्थित नैब का संचालक है। इस संस्थान में तकरीबन 113 नाबालिक शिक्षा ग्रहण करते हैं। पुलिस के अनुसार एक महीने पहले स्कूल की एक छात्रा ने डाक से एसएसपी के नाम शिकायती पत्र भेजा था। उसने आरोप लगाया था कि श्याम धानिक उसे गलत तरीके से छूता है। विरोध करने पर मारपीट व अभद्रता करता है। दो अन्य छात्राओं से भी गलत हरकत करता है। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जांच में आरोप की पुष्टि हो गई। जिसके बाद पुलिस ने 11 अक्टूबर को आरोपित पर पाक्सो, मारपीट व धमकी की धारा में मुकदमा दर्ज किया।
शुक्रवार को काठगोदाम थाने के पास से पुलिस ने श्याम धानिक को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इधर पुलिस कप्तान मीणा का कहना है कि मेरी ज्वाइनिंग से पहले एक शिकायती पत्र आया था। मैंने उसकी जांच कराई तो आरोप सही पाए गए। इसलिए आरोपित पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।



Subscribe Our Channel










