उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह एक मामूली सड़क विवाद ने बेहद दुखद और हिंसक रूप ले लिया। राजधानी के राजपुर थाना क्षेत्र में मसूरी रोड स्थित मालसी के पास दो कार सवारों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर शुरू हुई बहस गोलीबारी तक पहुंच गई। इस घटना में एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई, जो उस समय मॉर्निंग वॉक पर निकले थे।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब 6:50 बजे जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर और एक स्कॉर्पियो के बीच रास्ता न देने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार लोगों ने फॉर्च्यूनर का पीछा किया और उसे रोकने के लिए उसके टायर पर गोली चलाई।
इसी दौरान सड़क किनारे टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर वी.के. जोशी को गोली लग गई। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे करीब 70 वर्ष के थे। इस घटना से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
घटना के दौरान फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो सवार आरोपियों ने कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट भी की, जिससे दो लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी है और संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।



Subscribe Our Channel










