पार्किंग झगड़े ने मचाई अफरा-तफरी, अस्पताल परिसर में भी रही मारपीट

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के बाजार चौकी इलाके में बीती रात एक मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस स्टेशन के पास गाड़ी पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

स्थानीय लोगों और पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और राहगीरों को बीच-बचाव करना पड़ा। बाजार चौकी प्रभारी जितेंद्र खत्री ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में लाने में सफल रही और घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। उन्होंने कहा कि छह लोगों को हिरासत में लिया गया है।

घटना की गंभीरता इसी बात से समझी जा सकती है कि बाजार चौकी ले जाने के बाद भी दोनों पक्ष फिर से भिड़ गए और पुलिस कर्मियों के साथ भी कुछ लोगों ने बदतमीजी की। अस्पताल पहुंचने के बाद भी विवाद थमा नहीं, और अस्पताल परिसर में भी झड़प की स्थिति बनी रही।

प्रभारी जितेंद्र खत्री ने कहा कि पुलिस और अस्पताल स्टाफ की मदद से मामले को नियंत्रित किया गया। सभी घायल जिला अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली और तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।