उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के सीमांत क्षेत्र खटीमा में बीती देर रात जहरीले पदार्थ के सेवन से दो लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा तब हुआ जब तीनों लोग एक विवाह समारोह से घर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार खटीमा कंजाबाग निवासी ढिल्लू राणा (52) अपने साथियों मलकीत सिंह राणा और एडवोकेट प्रवेश राणा के साथ ढिल्लू राणा के कंजाबाग रोड स्थित पार्वती बैंक्वेट हॉल के सामने शराब का सेवन कर रहे थे। शराब में पानी मिलाए जाने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि इसमें से असामान्य गंध आ रही थी।
शराब पीने के तुरंत बाद तीनों की तबीयत बिगड़ी और पेट में जलन व सांस लेने में तकलीफ शुरू हो गई। स्थानीय निवासी जीवन ने उन्हें निजी वाहन से खटीमा उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर वीपी सिंह ने उनका इलाज शुरू किया। इलाज के दौरान ढिल्लू राणा की मौत हो गई। गंभीर हालत में मलकीत सिंह और एडवोकेट प्रवेश राणा को हायर सेंटर रेफर किया गया। रास्ते में मलकीत सिंह की भी मौत हो गई, जबकि एडवोकेट प्रवेश राणा का बरेली के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शराब में जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की संभावना के चलते मामले की जांच शुरू कर दी है। एसआई किशोर पंत ने बताया कि मृतक ढिल्लू राणा का शव मोर्चरी में रखवाया गया है और जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।



Subscribe Our Channel











