देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने हड़कंप मचा दिया है। मामला लाडपुर स्थित महादेव फ्यूल पेट्रोल पंप का है, जहां शराब के नशे में एक व्यक्ति हंगामा कर रहा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया, लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति पेट्रोल भरवाने के बाद भुगतान करने से इनकार कर रहा है और नशे की हालत में अभद्रता कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह काबू में नहीं आया। इसके बाद उसे पुलिस वाहन से थाने लाया गया।
थाने में उसकी पहचान 45 वर्षीय सुनील रतूड़ी, निवासी तपोवन रोड, देहरादून, के रूप में हुई। अल्कोहल जांच में पता चला कि उनके शरीर में शराब की मात्रा कानूनी सीमा से कई गुना अधिक थी। पुलिस के अनुसार, थाने में भी वह लगातार हंगामा करता रहा और अंततः उसे हवालात में बंद किया गया।
कुछ समय बाद निगरानी के दौरान सुनील रतूड़ी बेहोशी की स्थिति में पाए गए। उन्हें तुरंत कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस गंभीर घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और परिजनों को घटना की सूचना दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही, मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं और पोस्टमार्टम पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के साथ परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि मामले की पूरी पारदर्शी जांच हो सके।


Subscribe Our Channel











