हल्द्वानी। वनभूलपुरा क्षेत्र में एक युवक द्वारा युवती के अपहरण और हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक शादी का दबाव बनाने के लिए युवती को जबरन गौला नदी की ओर ले गया और विरोध करने पर उस पर पत्थरों से हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर, वनभूलपुरा निवासी एक युवक लंबे समय से क्षेत्र की ही रहने वाली युवती को परेशान कर रहा था। युवती की दादी की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में बताया गया कि आरोपी युवती का पीछा करता था और उस पर शादी करने का दबाव बनाता था। इस दौरान वह अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ भी करता था।
दादी ने बताया कि बीते शनिवार को उनकी पोती घर से दुकान सामान लेने निकली थी। इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और जबरन उसे गौला नदी की ओर ले गया। वहां उसने शादी के लिए दबाव बनाया। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर पर पत्थरों से वार कर दिया। घायल अवस्था में युवती किसी तरह जान बचाकर घर पहुंची।
परिजनों ने युवती को तुरंत बेस अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज कराया गया। युवती की दादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अन्ना के खिलाफ छेड़छाड़, अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वनभूलपुरा थानाध्यक्ष डीएस फर्त्याल ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



Subscribe Our Channel











