उत्तराखंड में बीते दिन से जारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने मौसम को अचानक ठंडा कर दिया है। तापमान में गिरावट के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में खतरे भी बढ़ गए हैं। कई जगहों पर पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिसके चलते प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
सीमांत जनपद चमोली में बारिश के बाद एक बार फिर भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग और नीति-मलारी हाईवे पर चट्टानें टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे दोनों मार्गों पर आवाजाही पूरी तरह बाधित हो गई। इस कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लगातार बारिश के चलते जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। गोविंदघाट के पास पिनोला क्षेत्र में पहाड़ी से बड़े पत्थर गिरने के कारण बदरीनाथ हाईवे बंद हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं स्योन-सालधर के पास भूस्खलन के कारण नीति-मलारी मार्ग भी ठप हो गया है, जिससे कई गांवों का संपर्क अस्थायी रूप से कट गया है।
प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हैं। हालांकि लगातार गिरते पत्थरों के कारण राहत कार्यों में दिक्कतें आ रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि हालात सामान्य होते ही मार्गों को जल्द से जल्द फिर से खोलने की कोशिश की जा रही है।



Subscribe Our Channel










