बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में अचानक भगदड़ मचने से 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। सभी मृतकों में महिलाएं शामिल हैं, जिनमें 45 वर्षीय रेखा देवी और 50 वर्षीय रीता देवी की पहचान हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोग मंदिर प्रबंधन और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं। मौके पर पुलिस, सदर डीएसपी और एसडीएम की टीम पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि चैत माह के अंतिम मंगलवार के कारण मंदिर में करीब 25 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान किसी व्यक्ति द्वारा अचानक शोर मचाने से अफवाह जैसी स्थिति बन गई और भीड़ बेकाबू होकर भगदड़ में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। पटना से दर्शन के लिए आईं एक श्रद्धालु ने बताया कि हर मंगलवार को यहां भीड़ होती है, लेकिन इस बार हालात पूरी तरह नियंत्रण से बाहर हो गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर प्रशासन का कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
मंदिर के पुजारी गुट्टू सिंहवाह के अनुसार, अत्यधिक भीड़ के कारण कई श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ गई और कुछ का ब्लड प्रेशर भी अचानक गिर गया। उन्होंने यह भी कहा कि एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंची, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
इस घटना पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है।
इस हादसे के बाद एक बार फिर धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रशासन ने घटना की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



Subscribe Our Channel











