उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, नैनीताल और हल्द्वानी के रहने वाले पांच युवक कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मूंढापांडे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मूंढापांडे ले जाया गया।
थाना मूंढापांडे के एसएचओ मोहित कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि कार में सवार पांचों युवक उत्तराखंड के नैनीताल और हल्द्वानी के निवासी थे और दिल्ली जा रहे थे। मनकरा मोड़ के पास उनकी कार आगे चल रही ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। पुलिस ने युवकों के परिजनों से संपर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सीएचसी मूंढापांडे की मेडिकल ऑफिसर डॉ. ईशा सिंह ने बताया कि पांचों युवकों को गंभीर चोटों के साथ अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुरादाबाद रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा संभवतः कार चालक को नींद की झपकी आने के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि चालक के झपकी लेने से कार अनियंत्रित हो गई और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
हादसे में मृत युवकों की पहचान अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह के रूप में हुई है, जो सभी हल्द्वानी के निवासी थे। वहीं घायल युवक का नाम यशदीप पांडे बताया गया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना का संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।



Subscribe Our Channel











