उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने देहरादून में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी सुनील राठी गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्टल, सात जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो-एन वाहन बरामद किया गया है।
एसटीएफ को गोपनीय सूचना मिली थी कि पौड़ी गढ़वाल जेल में बंद सुनील राठी अपने गुर्गों के जरिए देहरादून में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहा है। सूचना के बाद एसटीएफ टीम ने गैंग से जुड़े लोगों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी।
26 फरवरी 2026 को टीम सहस्त्रधारा रोड क्षेत्र में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि गैंग के दो सदस्य काले रंग की स्कॉर्पियो में सहस्त्रधारा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने Pacific Golf Estate के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
गाड़ी में सवार दो युवकों को हिरासत में लिया गया। उन्होंने अपनी पहचान भानू चौधरी (22) निवासी सहारनपुर और पारस (28) निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान दोनों के पास से एक-एक .32 बोर पिस्टल और कुल सात जिंदा कारतूस बरामद हुए।
जांच में पता चला कि दोनों आरोपी सुनील राठी के संपर्क में थे और कई बार पौड़ी जेल में उससे मुलाकात भी कर चुके थे। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे विवादित जमीन के मामलों में राठी का नाम लेकर लोगों को धमकाते थे और समझौता कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से काले रंग की स्कॉर्पियो-एन (UP-51 BS 0001), दो आईफोन और 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ धारा 111(3) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर थाना राजपुर में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Subscribe Our Channel











