आंगन में खेल रही 5 साल की बच्ची पर टूटा कहर, मौत से मचा कोहराम

10
खबर शेयर करें -

नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां खेलते-खेलते पांच वर्षीय मासूम बच्ची की जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और परिवार गहरे सदमे में है।

जानकारी के अनुसार, मामला कालाढूंगी के वार्ड नंबर 7 का है। रविवार देर शाम विक्रम सिंह अधिकारी की पांच वर्षीय बेटी हस्मिता अधिकारी (जिसे परिवार में गौरी के नाम से पुकारा जाता था) घर के आंगन में खेल रही थी। खेल के दौरान वह लोहे के स्लाइडिंग गेट पर झूलने लगी, तभी अचानक गेट अपने ट्रैक से निकलकर उसके ऊपर गिर गया।

हादसे में बच्ची के सिर पर गंभीर चोट आई। परिजन तुरंत उसे कालाढूंगी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी रेफर कर दिया। लेकिन दुर्भाग्यवश, रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस आंगन में कुछ देर पहले तक बच्ची की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि बच्ची के पिता रामनगर गैस एजेंसी में संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वहीं स्थानीय लोग भी परिवार से मिलने पहुंच रहे हैं और शोक व्यक्त कर रहे हैं।