अक्षय तृतीया पर खुलेंगे गंगोत्री के कपाट, शुरू होगी आस्था की महायात्रा

10
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड के चारधामों में शामिल गंगोत्री धाम के कपाट इस वर्ष अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। चैत्र नवरात्र के दौरान तीर्थ पुरोहितों ने जिला मुख्यालय में पंचांग के अनुसार शुभ तिथि और समय की घोषणा की।

घोषणा के अनुसार, 18 अप्रैल को गंगा जी की विग्रह डोली उनके शीतकालीन प्रवास मुखबा से विधि-विधान के साथ रवाना होगी। सेना बैंड और पारंपरिक ढोल-दमाऊ के साथ यह डोली दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर गंगोत्री धाम के लिए प्रस्थान करेगी। डोली का रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में होगा।

अगले दिन यानी 19 अप्रैल की सुबह डोली पुनः गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी और निर्धारित समय पर पहुंचने के बाद दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके साथ ही धाम छह माह तक दर्शन के लिए खुला रहेगा।

इसी दिन यमुनोत्री धाम के कपाट भी देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे, जिससे चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो जाएगा।

मंदिर समिति के अनुसार, इस वर्ष यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर और गंगा घाट क्षेत्र में गैर-सनातनी लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।