चमकेगी बिजली, गिरेगी बर्फ और बरसेगी बारिश, उत्तराखंड में 5 दिन का अलर्ट

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड मौसम विभाग ने राज्य के लिए 18 से 22 मार्च तक का मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में पहाड़ी जिलों में बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी रहेगा, जबकि मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान है।

18 मार्च बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में बारिश और 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होगी। मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है।

19 मार्च गुरुवार को राज्य के सभी जिलों में बारिश होगी। पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी होगी, जबकि मैदानी जिलों में कुछ स्थानों पर वर्षा होगी।

20 मार्च शुक्रवार को भी इसी तरह का मौसम रहेगा। पहाड़ी जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहेगी।

21 मार्च शनिवार को पूरे राज्य में बारिश का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होगी और 3300 मीटर और उससे ऊंचे स्थानों पर बर्फबारी जारी रहेगी। इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना भी है।

22 मार्च रविवार को भी बारिश का यही पैटर्न रहेगा। पहाड़ी जिलों में बर्फबारी और मैदानी जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी।

मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों में मैदानी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी नीचे से लेकर सामान्य से अधिक तक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से काफी कम तापमान दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है।