उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। पहाड़ी जिलों में जहां रुक-रुक कर बारिश हो रही है, वहीं उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का सिलसिला जारी है। इससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और जून महीने में भी प्रदेश के कई हिस्सों में दिसंबर-जनवरी जैसा मौसम देखने को मिल रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, आज उत्तरकाशी और रुद्रप्रयाग जनपदों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा, मैदानी क्षेत्रों में सतही हवाएं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने फिलहाल किसी प्रकार का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया है और अन्य जिलों में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है।
राजधानी देहरादून में आज आसमान मुख्यतः साफ से लेकर आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। कुछ इलाकों में गरज वाले बादलों के विकसित होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों, विशेषकर केदारनाथ धाम और सिख धर्म के पवित्र स्थल हेमकुंड साहिब में बीते दिनों बर्फबारी दर्ज की गई है। बर्फबारी के बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ इन तीर्थ स्थलों पर बनी हुई है। भारी बर्फबारी के चलते इन क्षेत्रों में तापमान में काफी गिरावट आई है। अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है, जिससे प्रदेश में गर्मी के मौसम में भी ठंडक का एहसास हो रहा है।