देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के सुन्दरवाला में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के दौरान उसकी पत्नी और तीन माह की बच्ची कमरे के अंदर ही मौजूद थीं, जिन्हें उसने पहले बंद कर दिया था।
पुलिस को सिटी कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि सुन्दरवाला निवासी 24 वर्षीय शुभम, पुत्र नरेंद्र सिंह, ने अपने घर में खिड़की की ग्रिल से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर परिजनों ने युवक को फंदे से नीचे उतारकर फर्श पर लिटा रखा था। तुरंत 108 एम्बुलेंस बुलाई गई, लेकिन जांच के बाद स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस की फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फोटो व वीडियो के माध्यम से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक ने नवंबर 2024 में प्रेम विवाह किया था और वह ड्राइविंग का कार्य करता था। साथ ही पत्नी के साथ विवाद की बात भी सामने आई है।



Subscribe Our Channel











