न्यूज जंक्शन 24, बागेश्वर।
बागेश्वर में छेड़छाड़ की घटनाओं ने पुलिस के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। यहां दो बहनें खेत में गोबर डालने जा रही थीं कि एक युवक ने उनसे छेड़छाड़ शुरू कर दी। बहनों ने विरोध किया तो उनसे मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपी ने एक युवती के कपड़े फाड़ दिए। कांडा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ छेड़छाड़ और पोक्सो अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
पुलिस को सौंपी तहरीर के अनुसार माणा-कभाटा गांव क्षेत्र की दो बहनें विगत दिवस शाम लगभग साढ़े चार बजे खेतों में गोबर की खाद डालने जा रही थीं। आरोप है कि रास्ते में देवलबिछराल निवासी भगवान सिंह पुत्र आनंद सिंह उनके साथ छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर कहासूनी भी हो गई। उसने एक लड़की के कपड़े फाड़ दिए। गुरुवार को कांडा थाने में 20 और 17 वर्ष की बेटियों ने आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने पुलिस को आपबीती बताई और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
थानध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने बताया कि आरोपित के खिलाफ धारा 354 और पोक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है और उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Subscribe Our Channel











