केंद्र सरकार की बड़ी सौगात: मदननेगी में मिलेगा आधुनिक शिक्षा केंद्र

9
खबर शेयर करें -

उत्तराखंड को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। राज्य में मदननेगी (टिहरी गढ़वाल) में एक नया केंद्रीय विद्यालय स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय पर केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया है।

केंद्रीय विद्यालय संगठन द्वारा मदननेगी में इस नए विद्यालय की स्थापना की अनुमति दी गई है, और इसे शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नए केंद्रीय विद्यालय के खुलने से मदननेगी और आसपास के क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और स्थानीय शैक्षणिक ढांचे को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और उनके भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

शुरुआत में यह विद्यालय कक्षा 1 से 5 तक संचालित होगा, प्रत्येक कक्षा में एक ही सेक्शन होगा। आवश्यकता और स्वीकृति के अनुसार इसे अगले वर्षों में क्रमिक रूप से बढ़ाया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया सभी आवश्यक औपचारिकताओं के पूरा होने के 30 दिन के भीतर शुरू कर दी जाएगी। यह निर्णय भारत सरकार की पूर्व स्वीकृति के तहत लिया गया है, जिसके अनुसार देश में 85 नए केंद्रीय विद्यालय खोले जाने हैं। मदननेगी का यह विद्यालय उन्हीं स्वीकृत स्कूलों में शामिल है।