हरिद्वार जिले के रुड़की से देर रात एक बड़ी घटना सामने आई, जहां शहर के एक निजी अस्पताल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। यह घटना बीएसएम तिराहे के पास स्थित विनय विशाल अस्पताल की बताई जा रही है। आग लगते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आग अस्पताल के फिजियोथेरेपी सेंटर में लगी, जिसके बाद धुआं तेजी से पूरे परिसर में फैल गया। इसी दौरान अस्पताल की बिजली सप्लाई भी बाधित हो गई, जिससे कई जरूरी मेडिकल उपकरण बंद हो गए और स्थिति और गंभीर हो गई।
हालात बिगड़ते देख अस्पताल स्टाफ ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। सबसे बड़ी चुनौती आईसीयू में भर्ती मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना था, लेकिन स्टाफ ने तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी को सुरक्षित निकाल लिया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछारों से आग को फैलने से रोका और अस्पताल के बड़े हिस्से को सुरक्षित बचा लिया। आग बुझाने में करीब दो घंटे का समय लगा।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में फिजियोथेरेपी सेंटर की वायरिंग, फाल सीलिंग, मशीनें, फर्नीचर समेत लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों के अनुसार, समय रहते कार्रवाई और दमकल विभाग की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और अस्पताल में सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि यह वही अस्पताल है जो कोरोना काल के दौरान ऑक्सीजन संकट को लेकर चर्चा में आया था।



Subscribe Our Channel











