हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को काठगोदाम से अमृतपुर तक प्रस्तावित बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की रूपरेखा, निर्माण योजना, प्रस्तावित रूट, आसपास के गांवों को मिलने वाली कनेक्टिविटी और निर्माण कार्य पूरा करने की समयसीमा की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना से संबंधित आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और निर्माण कार्य को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित बाईपास की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करीब 3.50 किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण प्रस्तावित है। परियोजना के तहत एक पुल भी बनाया जाएगा। बाईपास की अनुमानित लागत करीब 25 करोड़ रुपये बताई गई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रस्तावित बाईपास के रूट और इससे आसपास के गांवों एवं क्षेत्रों को मिलने वाली सुविधा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य की समयसीमा पर चर्चा करते हुए जरूरी प्रक्रियाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रस्तावित बाईपास के निर्माण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इसके बनने से लोगों को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




Subscribe Our Channel











